भोपाल , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि जहां बेटियां जन्म से लेकर आजीवन पूजी जाती हैं, वह केवल मध्यप्रदेश है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बेटियों और महिलाओं के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और सरकारी योजनाएं महिलाओं के जीवन में हर कदम पर सहेली बनकर उनके साथ खड़ी हैं।

मुख्यमंत्री यादव आज बुधवार को दमोह जिले के हटा में आयोजित महिला सशक्तिकरण सम्मेलन और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से जिले में 405 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक लागत के 13 विकास कार्यों का भूमि पूजन किया। इनमें हटा से गैसाबाद सिमरिया मार्ग के 73 किलोमीटर मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण सहित कई सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के कारण प्रदेश में लिंगानुपात में सुधार हुआ है और समाज में बेटियों के प्रति सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने हाल में शुरू हुए एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण का उल्लेख करते हुए माताओं से अपील की कि वे 14 वर्ष से अधिक आयु की बेटियों को यह टीका अवश्य लगवाएं। इस दौरान उन्होंने हटा की आठ बेटियों को टीकाकरण के प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने हटा का नाम बदलकर शिवकाशी करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नया आईटीआई भवन बनाया जाएगा, नगर पालिका का नया भवन और गीता भवन निर्मित किया जाएगा तथा शासकीय पीएमश्री महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल में इंडोर ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा हटा के महाविद्यालय में कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन संकाय भी शुरू किए जाएंगे तथा पटेरा में नया महाविद्यालय खोला जाएगा।

उन्होंने कहा कि केन-बेतवा नदी लिंक परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड क्षेत्र के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा और क्षेत्र में कृषि विकास को गति मिलेगी। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, आयुष एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी विकास राज्यमंत्री लखन पटेल, हटा विधायक उमादेवी खटीक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित