भोपाल , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश सरकार की ओर से गेंहू खरीदी की तारीख एक अप्रैल से बढ़ा कर 10 अप्रैल किए जाने के मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य और केंद्र सरकार को घेर लिया है।
श्री पटवारी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि 1 अप्रैल से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अनाज खरीदी का दावा करने वाली सरकार में किसान अब दर दर भटक रहा है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सदन में कहते हैं कि किसानों की आय 8 गुना हो गई है, फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं, लेकिन टेलिस्कोप से ढूँढने पर भी ऐसे किसान नहीं मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश का किसान कर्ज में डूबा है। कर्ज की किश्त भरने की तारीख निकल गई है, लेकिन राज्य सरकार की लापरवाही के चलते उसे कम दाम में अनाज बेचने पर मजबूर होना पड़ रहा है।
राज्य सरकार की ओर से कल जारी किए गए निर्देशों में कहा गया है कि शासन द्वारा उपार्जित तिथि को संशोधित करते हुए इंदौर, उज्जैन, भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग में गेंहू खरीदी 10 अप्रैल से और शेष संभागों में 15 अप्रैल से की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित