भोपाल , जनवरी 15 -- मध्यप्रदेश में इस खरीदी सीजन में अब तक 7 लाख 40 हजार 914 किसानों से कुल 49 लाख 87 हजार 147 मीट्रिक टन धान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जा चुकी है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने यह जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि गत वर्ष 43 लाख 52 हजार 905 मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। इस बार धान का MSP 2369 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। किसानों को अब तक 8,291 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान भी किया जा चुका है।
धान विक्रय के लिए इस बार 8 लाख 59 हजार 822 किसानों ने पंजीयन कराया है। 1 दिसंबर 2025 से शुरू हुई धान खरीदी के लिए प्रदेश भर में 1,436 केन्द्र स्थापित किए गए हैं। खरीदी गई धान की 79 प्रतिशत मात्रा, यानी 39 लाख 19 हजार 277 मीट्रिक टन, परिवहन के लिए भेजी जा चुकी है। खाद्य मंत्री ने बताया कि धान खरीदी की प्रक्रिया 20 जनवरी 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित