भोपाल , अक्टूबर 23 -- मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आज अपनी बहुप्रतीक्षित प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी।

पार्टी में चार महामंत्री, नौ उपाध्यक्ष और नौ मंत्री बनाए गए हैं। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। कार्यकारिणी में सात महिलाओं को स्थान दिया गया है।

सूची में पार्टी के चार नेताओं को महामंत्री बनाया गया है, जिनमें दो सांसद शामिल हैं। सागर सांसद लता वानखेड़े और राज्यसभा सांसद सुमेर सोलंकी काे महामंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही राहुल कोठारी और गौरव रणदिवे भी प्रदेश महामंत्री बनाए गए हैं।

पार्टी के किसान नेता रणवीर रावत, कांतदेव सिंह, प्रभुराम चौधरी, शैलेंद्र बरुआ, मनीषा सिंह, डॉ नंदिता पाठक, सुरेंद्र शर्मा, निशांत खरे और डॉ प्रभुलाल जाटव को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कार्यकारिणी में रजनीश अग्रवाल, लोकेंद्र पाराशर, जयदीप पटेल, क्षितिज भट्ट, संगीता सोनी, राजेंद्र सिंह, अर्चना सोनी, राजो मालवीय और बबीता परमार मंत्री बनाए गए हैं।

इसके साथ ही अखिलेश जैन कोषाध्यक्ष, श्याम महाजन कार्यालय मंत्री और आशीष अग्रवाल दोबारा से मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं।

किसान मोर्चा का अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, एससी मोर्चा का भगवान सिंह परमार, एसटी मोर्चा का पंकज टेकाम और पिछड़ा मोर्चा का अध्यक्ष पवन पाटीदार को बनाया गया है।

जुलाई की शुरुआत में श्री हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा मध्यप्रदेश के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद से ही उनकी नई टीम के बारे में अटकलें लगाईं जा रहीं थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित