भोपाल , दिसंबर 19 -- विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं समग्र कल्याण को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के विशेष मार्गदर्शन में 21 दिसंबर 2025 से प्रदेश के सभी पुलिस थानों में साप्ताहिक ध्यान कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा।
यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्था के बीच 2 फरवरी 2025 को हुए एमओयू के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत पुलिसकर्मियों को निःशुल्क ध्यान प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इस पहल के अंतर्गत प्रदेश के 1000 से अधिक पुलिस थानों, यातायात, महिला थाना, अजाक, अपराध शाखा सहित, प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से ध्यान सत्र आयोजित होंगे।
21 दिसंबर को शुभारंभ के अवसर पर हार्टफुलनेस प्रशिक्षकों एवं समन्वयकों की उपस्थिति में ऑनलाइन माध्यम से सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी थानों में उपलब्ध पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सहभागिता करेंगे। प्रत्येक जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों को इस कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि प्रत्येक थाने में पुलिस समन्वयक तय किए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 10 बजे से 11 बजकर 15 मिनट तक रिलैक्सेशन, गाइडेड ध्यान एवं आत्मावलोकन सत्र आयोजित होंगे। इस दौरान हार्टफुलनेस मुख्यालय कान्हा शांतिवनम, हैदराबाद से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
इसी दिन रात्रि 8 बजे हार्टफुलनेस के ग्लोबल गाइड पूज्य श्री दाजी द्वारा वैश्विक स्तर पर 20 मिनट का निःशुल्क ऑनलाइन ध्यान सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें नागरिक पंजीकरण के माध्यम से सहभागिता कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित