भोपाल , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से अवैध हथियारों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं उपयोग के विरुद्ध निरंतर, योजनाबद्ध और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विगत दो सप्ताह के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाइयों में 34 अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस ने अवैध हथियार रखने, सार्वजनिक स्थानों पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने तथा संगीन आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अंतरराज्यीय गिरोहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है।

एसटीएफ ग्वालियर इकाई ने मुखबिर की सूचना पर शिवपुरी क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से तीन पिस्टल और चार जिंदा राउंड बरामद किए गए। वही शिवपुरी जिले के थाना करैरा क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण की फैक्ट्री पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से सात अवैध हथियार, पांच जिंदा कारतूस तथा हथियार निर्माण में प्रयुक्त मशीनें, औजार और अन्य सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

थाना जुलवानिया पुलिस ने महाराष्ट्र के अहमदनगर (अहिल्यानगर) से चोरी कर लौट रहे पांच अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से पांच फायर आर्म्स, तीन जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी सहित कुल 38 लाख 91 हजार रुपये से अधिक की सामग्री जब्त की गई।

इसके अलावा ग्वालियर और दतिया जिलों में पांच-पांच, छतरपुर में तीन, मुरैना में दो तथा उज्जैन, सतना, सागर और जबलपुर जिलों में एक-एक अवैध हथियार जब्त किए गए हैं। इन कार्रवाइयों के तहत देशी कट्टे, विभिन्न बोर की पिस्टल, जिंदा राउंड, खाली खोखे, चाकू-खंजर तथा अपराध में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और कारें भी बरामद की गई हैं। मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियारों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत आगे भी कठोर और निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित