रायपुर , मार्च 18 -- मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान राजधानी रायपुर स्थित नालंदा परिसर लाइब्रेरी का अवलोकन किया और इसके संचालन एवं व्यवस्थाओं की सराहना की। इस मॉडल से प्रभावित होकर उन्होंने रीवा में भी इसी तर्ज पर लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की।

उन्होंने निरीक्षण के दौरान लाइब्रेरी के विभिन्न फ्लोर और टैरेस का भ्रमण किया तथा पुस्तक वितरण प्रणाली और अध्ययन व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कम शुल्क में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों को सराहनीय बताया। उनके अनुसार इस तरह की पहल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनकी ऊर्जा के बेहतर उपयोग में सहायक है।

राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि नालंदा परिसर लाइब्रेरी की स्थापना युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई है, जहां विद्यार्थी 24x7 अध्ययन कर रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस परियोजना का निर्माण डीएमएफ फंड और अन्य सहयोग से किया गया है, जबकि संचालन शुल्क और दानदाताओं के सहयोग से किया जा रहा है। राज्य में राजधानी सहित कुल 42 ऐसी लाइब्रेरी स्थापित की जा रही हैं।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के अनुसार लाइब्रेरी संचालन के लिए एक समिति का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से सभी लाइब्रेरियों को एकीकृत किया गया है। इससे संचालन में सुगमता आई है और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने बताया कि यहां से हर वर्ष यूपीएससी और सीजीपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन हो रहा है।

लाइब्रेरी में बीपीएल वर्ग के विद्यार्थियों से 200 रुपये प्रति माह और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों से 500 रुपये प्रति माह शुल्क लिया जाता है।

इस अवसर पर विश्वदीप, उमाशंकर बंदे, केदार पटेल सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित