मधुबनी , अप्रैल 27 -- बिहार में मधुबनी जिले के अरेर थाना क्षेत्र में सोमवार को हाइवा की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी तथा उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बाइक पर सवार दो लोग जा रहे थे। इस दौरान कपसिया चौक के हनुमान मंदिर के निकट तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक में टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बिस्फी थाना क्षेत्र के सिमरी गनौर निवासी राम प्रकाश दास के पुत्र पंकज दास के रूप में की गयी है। इस घटना में घायल पंकज के भाई राकेश दास को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों ने बताया कि स्थानीय लोगों ने हाइवा चालक को पोखरौनी मोड़ के समीप पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने रहिका-जयनगर मुख्य पथ को जाम कर दिया। मामले की जानकारी के बाद पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जाम को समाप्त करवाया।शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित