मधुबनी , मार्च 05 -- बिहार के मधुबनी जिले में गुरुवार की सुबह तड़के एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों का इलाज दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है।

यह हादसा जिले के फुलपरास थाना क्षेत्र के परसा चौक के पास उस समय हुआ, जब हरियाणा नंबर की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की एक मिनी ट्रक से आमने- सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गये और मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग हरियाणा से होली के अवसर पर घूमने के लिये निकले थे। हादसे में चार युवकों और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये हैं।

मामले को लेकर एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि हादसे में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित