मधुबनी , फरवरी 25 -- राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ममता कुमारी ने मधुबनी जिले में बुधवार को जनसुनवाई के दौरान लगभग 45 परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा समस्याओं के निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

श्रीमती ममता ने जिला मुख्यालय स्थित डीआरडीए सभाकक्ष में आयजित कार्यक्रम के तहत आयजित जनसुनवाई में महिलाओं की घरेलू हिंसा,शारीरिक प्रताड़ना तथा जायदाद सहित अन्य समस्याओं को सुना और आयोग की तरफ से संबंधित पदाधिकारी को कारवाई के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि महिलाओं को न्याय दिलाना और उनकी आवाज को मजबूत करना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनसुनवाई के दौरान पीड़ित महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे वे बिना डर के अपनी बात रख सकें। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि कुछ जटिल मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करजरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ने बताया कि आयोग के समक्ष प्रतिदिन पूरे देश से लगभग 150-200 आवेदन प्राप्त होते है, जिनका आयोग के स्तर से निष्पादन किया जाता है। मधुबनी में जन सुनवाई में लगभग 45 परिवादों पर सुनवाई की गई है, जिसमें कई आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है।

श्रीमती ममता ने इसके बाद मधुबनी मंडल कारा का भी निरीक्षण किया और निरक्षर महिला कैदियों को शिक्षित कराने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग चाहती है कि पुलिस-प्रशासन जिम्मेदारी के साथ काम करें। महिलाओं को आगे बढ़ने में आ रही बाधाओं को दूर करें। सभी पदाधिकारी प्राप्त परिवाद का सही जांच प्रतिवेदन तैयार करें, जिससे पीड़ितों को न्याय मिल सकें। उन्होंने कहा कि आयोग का मकसद महिलाओं को ससमय न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि आयोग की तरफ से महिलाओं को जागरूक करने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं है।आयोग पंचायत से पार्लियामेंट तक कार्यक्रम के तहत उन्हें जागरूक बना रहा है, जिससे वे अपने कर्तव्यों और अधिकारों से संबंधित उचित निर्णय ले सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित