मधुबनी- , मार्च 14 -- बिहार में मधुबनी जिले की राजनगर थाना पुलिस ने बीते 12 मार्च की देर शाम पंजाब नेशनल बैंक कर्मी से हुई बाइक लूट के मामले का खुलासा करते हुए महज 48 घंटों के भीतर चार कुख्यात लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेंद्र कुमार ने आज संवाददाता सम्मेलन में बताया कि लूट की घटना के तुरंत बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-दो मनोज राम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर राजनगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में छापेमारी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया।गिरफ्तार किये गए अपराधियों की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी मनीष कुमार सहनी,सोनू सहनी,संतोष यादव और मिथिलेश पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी कट्टा,एक जिंदा कारतूस, 1630 ग्राम गांजा, लूटी गई तीन बाइक,चार मोबाइल फोन बरामद किया।
एसपी ने बताया कि इस गैंग का सरगना मनीष सहनी है, जो एक शातिर अपराधी है। मनीष के विरुद्ध बेगूसराय, समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर के विभिन्न रेल थानों में दर्जनों मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था और अक्सर ट्रेनों में मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम देता था।
पूछताछ के दौरान अपराधियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मधुबनी जिले में हाल के दिनों में पांच आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। इनमें राजनगर थाना क्षेत्र में तीन और कलुआही थाना क्षेत्र की लूट की घटनाएं शामिल हैं। एसपी ने इस सफल कार्रवाई के लिए डीएसपी मनोज राम और थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सहित पूरी टीम की सराहना की। वहीं उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित