मधुबनी , मार्च 12 -- बिहार में मधुबनी जिला के फुलपरास थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार के दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार नगर पंचायत फुलपरास निवासी ईश्वरी लाल यादव ने अज्ञात चोरों के खिलाफ आवेदन दिया था कि 24 फरवरी 2026 की रात्रि करीब 9 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 25 फरवरी की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ है और दुकान में रखा पान मसाला, नकद रुपये सहित अन्य सामान गायब है। चोरी की गई सामान की कीमत करीब 25 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।

घटना से संबंधित थाने में कांड संख्या- 77/26 दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में नाबालिग गोबिंद साह और मुकेश साह को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है, जबकि संतोष शाह और बलराम साह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

फुलपरास के थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है। वहीं पुलिस चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित