मधुबनी , मार्च 24 -- बिहार में मधुबनी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आस्था का महापर्व चैती छठ जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया।
इस दौरान मधुबनी जिले के जयनगर अनुमंडल मुख्यालय में पवित्र कमला नदी छठ घाट के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के तालाबों और जलाशयों में बड़ी संख्या में छठ व्रतियों ने एकत्रित होकर पूरे विधि विधान के साथ भगवान सूर्य की उपासना की।
छठ व्रतियों ने दिन भर उपवास रखकर शाम के समय सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठ पूजा समिति ने घाटों पर साफ-सफाई और सजावट की विशेष व्यवस्था की थी। महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाते हुए पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस दौरान छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बन गया। छठ पूजा के लिए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। छठ घाटों पर पुलिस बल की तैनाती की गई। चार दिवसीय इस पवित्र पर्व के दूसरे दिन छठ व्रतियों डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित