मधुबनी, फरवरी 13 -- बिहार में मधुबनी जिले के लदनियां थाना क्षेत्र में अपराधियों ने संस्कृत महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. दयाकांत झा के घर डाका डालकर करीब ढ़ाई करोड़ रूपये की संपत्ति की लूट ली।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरूवार की देर रात 24 की संख्या में नकाबपोश अपराधियों ने गजहारा गांव निवासी और संस्कृत महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. दयाकांत झा के घर पर धावा बोला। इसके बाद अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर डॉ. दयाकांत झा के परिवार के सभी सदस्यों को अपने कब्जे में लिया। अपराधियों ने इसके बाद घर से पांच लाख रूपये, 55 भर सोना,साढ़े तीन किलो चांदी,12 रत्ती डायमंड समेत ढ़ाई करोड़ रूपये की संपत्ति लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद दहशत फैलाने के लिये अपराधियों ने फरार होने के क्रम में फायरिंग की।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही दरभंगा प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मनोज तिवारी, मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार,जयनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राघव दयाल एवं ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। डॉग स्क्वाड की टीम को भी जांच के लिये बुलाया गया है।
डीआईजी श्री तिवारी ने बताया कि लूट कांड में संलिप्त अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित