पटना , अप्रैल 28 -- बिहार के मधुबनी जिले में प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से लॉटरी टिकटों की बिक्री के मामले को जिला प्रशासन ने काफी गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए जिले के विभिन्न अनुमंडलों में तैनात अनुमंडल पदाधिकारियों और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिया गया है कि प्रतिबंध के बावजूद लॉटरी के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में कुछ समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों में बताया गया था कि जिला मुख्यालय समेत पूरे मधुबनी में अवैध रूप से लॉटरी टिकटों की खरीद-बिक्री जारी है। रिपोर्ट के अनुसार, इस गैरकानूनी धंधे से जहां एक ओर माफिया वर्ग को आर्थिक लाभ हो रहा है, वहीं दूसरी ओर गरीब वर्ग के लोग आर्थिक रूप से और कमजोर होते जा रहे हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित