मधुबनी, मार्च 11 -- बिहार में मधुबनी जिले के बिस्फी थाना में तैनात डायल 112 के पुलिस अवर निरीक्षक कमलेश राम को एक शराब कारोबारी से शराब मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बिस्फी थाना में तैनात डायल 112 के पुलिस अवर निरीक्षक कमलेश राम के द्वारा शराब कारोबारी से शराब मांगने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में कमलेश राम एक व्यक्ति से अनुचित रूप से अवैध शराब की मांग करते नजर आ रहे हैं। इस मामले में कमलेश राम को पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि यह वीडियो तीन मार्च 2026 का बताया जा रहा है, जो 10 मार्च को संज्ञान में आया।मामले की गंभीरता को देखते हुए बेनीपट्टी के पुलिस उपाधीक्षक को जांच का जिम्मा सौंपा था। जांच के प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर कमलेश राम को निलंबित कर दिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि कमलेश राम एवं शराब कारोबारी सुंदर लाल यादव के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध और उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं कमलेश राम के निलंबन के साथ ही उसके विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने का भी आदेश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित