मधुबनी , दिसंबर 19 -- बिहार में मधुबनी जिला के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदपुर में गुरुवार को मछली व्यवसाय विवाद में दोनों पक्षों से दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
इस मामले में दोनों पक्षों से बीस बीस लाख रुपए के बॉन्ड भरवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस झगड़े में एक पक्ष थाना क्षेत्र के कटैया गांव निवासी सुधीर सहनी ने पहले प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि वें वर्तमान में मत्स्य जीवी सहयोग समिति लिमिटेड के मंत्री हैं। समिति के साथ महमदपुर गांव की गुअरवा पोखर पुराना खेसरा-333 वर्ष 01 जुलाई 2023 से 30 जून 2027 तक के लिए जिला मत्स्य कार्यालय मधुबनी द्वारा बंदोबस्त किया गया है।
श्री सहनी के अनुसार 18 दिसंबर को दिन के 1 बजे जब वह अपने सहयोगियों के साथ महमदपुर शिकारमाही करने पहुंचे तो संजय सिंह नामक व्यक्ति जो इस मामले में दुसरे पक्ष हैं, अपने तीन चार सहयोगियों के साथ आये और गाली गलौज तथा मारपीट शुरू की। उन्होंने बताया कि जब झगड़ा करने आये लोगों को बंदोबस्ती के कागज दिखाए गये तब भी उनकी तरफ से मारपीट जारी रही।
इस मामले में दूसरे पक्ष से महमदपुर के संजय सिंह ने भी प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें उल्लेख किया है कि अंचल क्षेत्र के महमदपुर मौजा में खाता 315/321 खेसरा 332, 333 रकबा करीब एक बीघा 5 कट्ठा 10 धुर उनके ग्रामीण तेजीलाल प्रधान वगैरह को निबंधित केवाला द्वारा प्राप्त है, जिसमें 63 व्यक्ति हिस्सेदार हैं। उन्होंने ने भी पहले पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है।
इस मामले में एसएचओ इंस्पेक्टर शिव शरण साह ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साथ ही दोनों से बीस बीस लाख रुपए के बांड भरवाने की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित