मधुबनी , दिसंबर 06 -- बिहार में मधुबनी जिले की जयनगर थाना पुलिस ने जाली नोट के एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जयनगर के थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रुद्रपुर थाना क्षेत्र के कर्णपुर महरैल गांव निवासी 32 वर्षीय गुड्डू चौधरी उर्फ ब्रह्मानंद कुमार चौधरी के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय व नेपाली जाली नोट कारोबार मामलें में थाने में दर्ज कांड संख्या 19/2025 में आज गिरफ्तार हुआ आरोपी नामजद है। उन्होंने कहा कि बासोपट्टी थाने में दर्ज कांड संख्या 42/2025 और रुद्रपुर थाना कांड संख्या 18/2022 में गिरफ्तार आरोपी और उसके पिता जाली नोट कारोबार मामलें में नामजद आरोपी है।
जयनगर के थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति को शराब पीने के आरोप में रुद्रपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेजा था। उसके बाद न्यायालय में पेश होने के बाद उसे जमानत पर रिहा किया गया। जयनगर थाना पुलिस को जब इसकी सूचना मिली तो उसने जालसाजी वाले मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसे जयनगर थाना लाया गया और कागजी प्रक्रिया पुरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में मधुबनी भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित