चेन्नई , जनवरी 20 -- चेन्नई के मदुरै में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की एक वरिष्ठ महिला प्रबंधक की मौत के मामले में नया मोड़ आया है और एक महीने बाद खुलासा हुआ है कि उनकी हत्या उनके ही एक सहकर्मी ने की है।
पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया कि वास्तव में उनकी हत्या उनके ही एक सहकर्मी ने की थी। यह हत्या 'डेथ सेटलमेंट क्लेम' को लेकर हुए विवाद के बाद की गई। पुलिस के अनुसार, महिला मैनेजर ए. कल्याणी नंबी(56) और प्रशासनिक प्रबंधक डी. राम के बीच 'डेथ सेटलमेंट क्लेम' के निपटान में देरी को लेकर तीखी बहस हुई थी।
जब सुश्री कल्याणी ने चेतावनी दी कि वह उनके खिलाफ वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट और शिकायत भेजेंगी कि वे जानबूझकर दावों में देरी कर रहे हैं, तो राम ने गुस्से में आकर उन पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी।
पुलिस ने बताया कि मदुरै रेलवे जंक्शन के सामने स्थित कार्यालय के भीतर कल्याणी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई थी। इस घटना में श्री राम भी झुलस गये थे और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। विस्तृत जांच और विभिन्न सुरागों के जांच के बाद पुलिस ने पाया कि यह हत्या का मामला है, जिसके बाद आज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
यह आग पिछले साल 17 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे एलआईसी भवन की दूसरी मंजिल पर लगी थी, जब सुश्री कल्याणी अपने काम में व्यस्त थीं। सुश्री कल्याणी का जला हुआ शव उनके केबिन के पास मिला था और श्री राम का शरीर भी लगभग 30 प्रतिशत झुलस गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित