लखनऊ , अप्रैल 19 -- उत्तर प्रदेश में मदरसा शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी, आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए गए सुधारों का असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की परीक्षा में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में जहां कुल 68,423 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था, वहीं वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 80,933 हो गई। इस प्रकार 12,510 अधिक छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जो पिछले वर्ष की तुलना में 18.29 प्रतिशत की वृद्धि है।
मदरसा शिक्षा परिषद से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, नकलविहीन माहौल और समयबद्ध परिणाम की व्यवस्था ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का विश्वास मजबूत किया है।
उल्लेखनीय है कि परिषद द्वारा संचालित अरबी-फारसी की मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) तथा आलिम (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षाएं 9 फरवरी को प्रदेशभर में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई थीं। परीक्षाएं 71 जिलों के 277 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित हुईं। पहली पाली में मुंशी/मौलवी तथा दूसरी पाली में आलिम अरबी परीक्षा कराई गई।
मुंशी/मौलवी परीक्षा में कुल 62,232 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 32,389 छात्र और 29,843 छात्राएं शामिल थीं। वहीं आलिम परीक्षा में 18,701 विद्यार्थी पंजीकृत हुए, जिनमें 9,092 छात्र तथा 9,609 छात्राएं थीं। यह आंकड़े मदरसा शिक्षा में छात्राओं की बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाते हैं।
परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए इस बार विशेष इंतजाम किए गए थे। जनपद स्तर पर सचल दल, आंतरिक निरीक्षण टीम, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। परिषद स्तर पर केंद्रीकृत निगरानी व्यवस्था लागू की गई, जिसके तहत सीसीटीवी कैमरों से सभी परीक्षा केंद्रों की सतत मॉनिटरिंग की गई।
अधिकारियों के अनुसार मई माह में परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारी अंतिम चरण में है। समय पर परिणाम जारी होने से विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य शैक्षिक योजनाओं में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मदरसा शिक्षा को मुख्यधारा से जोड़ने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और पारदर्शी व्यवस्था लागू करने की दिशा में किए गए प्रयासों के कारण सकारात्मक माहौल बना है। इसी विश्वास का परिणाम है कि इस वर्ष रिकॉर्ड संख्या में विद्यार्थियों ने मदरसा बोर्ड परीक्षा में भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित