वाराणसी , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन में यमुना नदी में नाव हादसे के बाद वाराणसी पुलिस शनिवार को गंगा घाटों पर पूरी तरह सतर्क हो गई है। घाटों पर लगातार उद्घोषणा कर श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी नाविकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नावों में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं तथा बिना लाइफ जैकेट किसी भी पर्यटक या श्रद्धालु को नाव पर न ले जाएं। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि सभी घाटों पर चेतावनी जारी की गई है कि कोई भी व्यक्ति गहरे पानी में जाकर स्नान न करे। साथ ही नाविकों को निर्देशित किया गया है कि सवारी बैठाने से पहले प्रत्येक व्यक्ति को लाइफ जैकेट अवश्य पहनाई जाए।
उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की कि वे लाइफ जैकेट ठीक से बांधकर ही नौकायन करें। उन्होंने कहा कि कई लोग रील बनाने के दौरान लाइफ जैकेट खोल देते हैं, जो बेहद खतरनाक है। चलती नाव में वीडियो या रील बनाने से भी बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अच्छे तैराकों को भी गहरे पानी में जाने से बचना चाहिए, क्योंकि कई बार अतिआत्मविश्वास के कारण दुर्घटनाएं हो जाती हैं। घाटों पर कई स्थानों पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं और लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी न करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित