वाराणसी , जनवरी 30 -- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा-वृंदावन भी आध्यात्मिक विकास की नई गाथा लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आस्था, संस्कृति और विरासत को सशक्त करने की दिशा में व्यापक कार्य हो रहे हैं।
शुक्रवार को वाराणसी में तीन दिवसीय पिंडरा महोत्सव का उद्घाटन करते हुए श्री सिंह ने कहा कि यह महोत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और आध्यात्मिक चेतना को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रयासों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऐसे आयोजन हो रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश की पहचान को वैश्विक स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी कॉरिडोर के माध्यम से काशी का भव्य कायाकल्प हुआ है। वहीं, 500 वर्षों बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का निर्माण देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इसका श्रेय केंद्र और प्रदेश सरकार के नेतृत्व को दिया।
श्री सिंह ने कहा कि काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, नैमिषारण्य और विंध्यवासिनी धाम सहित प्रदेश के अनेक धार्मिक स्थलों पर पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के कार्य तेजी से चल रहे हैं। इससे प्रदेश की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान और अधिक सुदृढ़ हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित