मथुरा , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले की गोवर्धन पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश को नाकाम कर दिया है।
पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने गणेश पहलवान की हत्या के लिए दो लाख रुपये की सुपारी ली थी। पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध असलहे और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
बुधवार को पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गणेश पहलवान की उनके पड़ोसी दुकानदार अन्नू तिवारी के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। अन्नू तिवारी ने अपने साथी नारायण उर्फ आरव के माध्यम से गणेश पहलवान को रास्ते से हटाने के लिए दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। डील के तहत अभियुक्तों को 10 हजार रुपये अग्रिम दिए गए थे, जबकि बाकी रकम काम पूरा होने के बाद मिलनी थी।
गिरफ्तार आरोपी समसुद्दीन उर्फ भोला और नीरज निवासी शेरगढ़ ने बताया कि उन्होंने चार जनवरी की रात को भी गणेश पहलवान पर गोलीबारी की थी। उस दौरान वे कार से आए थे और अन्नू तिवारी ने खुद मोटरसाइकिल उपलब्ध कराकर पहलवान के घर का रास्ता दिखाया था। हालांकि, शोर मचने के कारण पहलवान बच गए और आरोपी भाग निकले। सुपारी देने वाले आकाओं का दबाव था कि काम जल्द पूरा किया जाए, जिसके चलते वे दोबारा हमले की फिराक में थे।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जतीपुरा के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने समसुद्दीन और नीरज को दबोच लिया। इनके कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, कारतूस और एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित