मथुरा , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले में थाना गोवर्धन पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोवर्धन व्यापार मंडल के प्रमुख गणेश पहलवान की हत्या की साजिश रचने वाले 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त अन्नू उर्फ अनुराग पुत्र लक्ष्मीकांत, गोवर्धन क्षेत्र के दसविसा मोहल्ले का निवासी है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुखबिर से सूचना मिली थी कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।

सूचना के आधार पर बीती रात करीब 10:51 बजे महमदपुर चौराहे के आगे पूर्व चेयरमैन खेमचंद के खेत के पास पुलिस और स्वाट टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मुठभेड़ में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ गोवर्धन थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी लंबा रहा है। वर्ष 2024 और 2025 में उसके खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी के कई मामले दर्ज हैं। वर्तमान में गणेश पहलवान की हत्या की साजिश से संबंधित मुकदमा भी उसके खिलाफ दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित