मथुरा , जनवरी 13 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा के फरह क्षेत्र में एक किशोर द्वारा पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोपी किशोर टॉफी दिलाने के बहाने बच्ची को अपने साथ ले गया था।

पीड़ित पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनकी पांच वर्षीय बेटी घर के पास खेल रही थी। तभी गांव का ही रहने वाला विष्णु (15) वहां आया और बच्ची को टॉफी दिलाने का लालच देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ पास के एक खाली प्लॉट में ले गया।

आरोप है कि खाली प्लॉट में ले जाकर आरोपी ने बच्ची के साथ घिनौना कृत्य किया। बच्ची रोती हुई घर पहुंची और अपनी मां को आप बीती सुनाई। घटना के समय पिता काम पर गए हुए थे। परिजनों ने आरोपी के घर जाकर उसे तलाशने की कोशिश की, तो वह मौके से फरार हो गया। पीड़ित पिता ने थाना फरह में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित