मथुरा , मार्च 10 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के राया थाना क्षेत्र के भनकरपुर गांव में सास की हत्या के आरोप में पुलिस ने घटना के सात दिन बाद कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि मृतका अनवरी बेगम की दो मार्च की रात मौत हो गई थी जब उनके पति अनवर घर पर नहीं थे। उस समय बहू हिना ने परिजनों को बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा है, जिसके बाद मृत्यु को स्वाभाविक मान कर शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया था। बताया जाता है कि कुछ दिन बाद ननद से हुये विवाद के दौरान हिना ने गुस्से में सास की हत्या की बात की जिसके बाद मृतका के पति अनवर और उनके पुत्र आमिर ने मामले की जांच की मांग करते हुए प्रशासन से शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई।
आमिर का आरोप है कि उसकी पत्नी हिना के अवैध संबंध चाचा के लड़के आदिल से थे और मां अनवरी बेगम को इसकी जानकारी हो गई थी, जिसके कारण वह उनके रास्ते की बाधा बन गई थी। इसी कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर मंगलवार को पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया और वीडियो ग्राफी के साथ पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित