मथुरा , फरवरी 23 -- कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन से एक नई राजनीतिक पहल की घोषणा हुई है। पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने प्रशासनिक सेवा के बाद सक्रिय राजनीति में उतरते हुए 'राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा' नामक नए राजनीतिक दल के गठन का ऐलान किया है।
श्री अग्निहोत्री ने पत्रकारों से बातचीत में देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में आम जनता की आवाज कमजोर पड़ गई है। उन्होंने अपनी पार्टी को जन-अधिकारों की आवाज बताते हुए कहा कि यह मंच उन लोगों के लिए होगा जो स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होने केंद्र सरकार की कुछ नीतियों की आलोचना करते हुए विशेष रूप से यूजीसी रेगुलेशन 2026 का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह शिक्षा क्षेत्र में सामान्य और ओबीसी वर्ग के छात्रों के हितों को प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा उन्होंने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 18ए के प्रावधानों पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इनके दुरुपयोग की शिकायतें सामने आती रही हैं।
अलंकार अग्निहोत्री ने बताया कि उनकी पार्टी जल्द ही भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष पंजीकरण और मान्यता के लिए आवेदन करेगी। उनका उद्देश्य आगामी चुनावों में पार्टी के प्रत्याशी उतारना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित