मथुरा , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा के शेरगढ़ क्षेत्र में रविवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार यह हादसा शेरगढ़ थाना क्षेत्र के अकबरपुर रोड स्थित पटेल चौक के पास हुआ। बाइक सवार युवक अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित