मथुरा , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के वृंदावन स्थित परिक्रमा मार्ग पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोरी ने बीच सड़क पर हंगामा करते हुए अपने साथ दुष्कर्म का आरोप लगाया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाना जैंत क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग अपनी मां के साथ परिक्रमा मार्ग पर आई थी। इसी दौरान वह अचानक सड़क पर दौड़ते हुए चीखने-चिल्लाने लगी और अपने साथ दरिंदगी होने की बात कहने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह करीब 100 मीटर तक बदहवास हालत में दौड़ती रही और हंगामा करते हुए रमणरेती पुलिस चौकी तक पहुंच गई, जिससे मौके पर भीड़ एकत्र हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि थाना जैंत में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद का पहलू भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता की मां को दानपत्र के माध्यम से एक मकान दिया था, जिस पर लगभग 15 लाख रुपये का ऋण था, जिसमें से करीब 10 लाख रुपये बकाया हैं। इसी बकाया राशि और स्वामित्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि मामले की दोहरे दृष्टिकोण से जांच की जा रही है। एक ओर दुष्कर्म के आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आपसी रंजिश के पहलू को भी खंगाला जा रहा है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित