लखनऊ , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि मतदाता लोकतंत्र की आत्मा होते हैं और जब कोई युवा पहली बार मताधिकार प्राप्त करता है, तो यह उसके जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण क्षण होता है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। रविवार को उपमुख्यमंत्री राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित नवमतदाता सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में पहली बार मतदाता बने युवाओं को विशेष बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आज देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और इसमें युवा शक्ति की अहम भूमिका है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद, चंद्रशेखर आजाद, सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह जैसे महानायकों को याद करते हुए कहा कि युवाओं ने सदैव राष्ट्र निर्माण में निर्णायक योगदान दिया है।

उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को सजग प्रहरी बनकर कार्य करना चाहिए, ताकि संवैधानिक मूल्यों की रक्षा हो सके।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता बनना केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि युवा देश का वर्तमान भी हैं और उज्ज्वल भविष्य भी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार और नवाचार के अवसर बढ़े हैं और भारत युवा शक्ति के बल पर आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रदेशभर में 'मन की बात' श्रवण के उपरांत नवमतदाता सम्मान समारोह आयोजित किए गए। कार्यक्रम में नवमतदाताओं सहित उपस्थित जनसमूह ने लोकतंत्र की मजबूती और विकसित भारत के लक्ष्य के लिए सामूहिक सहभागिता का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित