इंफाल, दो मई (वार्ता) मणिपुर के ट्रोंगलाओबी इलाके में हाल ही में हुए विस्फोट में मारे गए दो मासूम बच्चों का अंतिम संस्कार शनिवार को बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई में किया गया।
इस घटना में एक पांच महीने की बच्ची और एक पांच साल के लड़के की मौत हो गयी थी। उनके पार्थिव शरीर को दिन में क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान के शवगृह से उनके परिवारों को सौंप दिया गया था। स्थानीय निवासियों व विभिन्न नागरिक समाज संगठनों के प्रतिनिधियों सहित हजारों लोग इस शोकाकुल दृश्य को देखने और अंतिम विदाई देने के लिए एकत्र हुए।
इस दुखद घटना ने पूरे राज्य में व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया था, जिसके बाद जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के लिए एक संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) का गठन किया गया था। सार्वजनिक दबाव को देखते हुए, सरकार ने पहले ही मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच को राष्ट्रीय जांच एजेंसी को सौंप दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित