इंफाल , फरवरी 19 -- मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने राज्य के विभिन्न जिलों में समन्वित अभियानों की श्रृंखला के तहत अवैध अफीम (पोस्ता) की खेती नष्ट करते हुए कईं उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए तथा अवैध रूप से परिवहन की जा रही लकड़ी जब्त की। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार वन विभाग के साथ संयुक्त अभियान में सुरक्षा बलों ने चुराचांदपुर जिले के हाप्पी मोल्लेन और चालजांग पहाड़ी क्षेत्रों में लगभग 20 एकड़ में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। मौके पर बनी एक अस्थायी झोपड़ी को भी ध्वस्त कर दिया गया।

इस बीच, मणिपुर सेंट्रल जेल, साजीवा में पदस्थ एक वार्डर सईद शाह को कैदियों को अवैध रूप से मोबाइल फोन इस्तेमाल कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, वह उन बंदियों को भी सुविधा उपलब्ध करा रहा था, जिन पर गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं। आरोपी इंफाल पूर्व जिले के कैरंग मयाई लेइकाई का निवासी है और उसकी गिरफ्तारी हेंगांग थाना में दर्ज मामले के सिलसिले में हुई।

अभियान के दौरान कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जेल परिसर के भीतर से आरोपी वार्डर के यूपीआई खाते के जरिए वित्तीय लेन-देन किया जा रहा था। अधिकारियों ने इस रैकेट के दायरे और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।

उग्रवाद विरोधी अलग-अलग अभियानों में इंफाल पश्चिम जिले से प्रतिबंधित संगठनों के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया, जबकि थोउबल जिले में भी एक कैडर को पकड़ा गया।

हथियार बरामदगी अभियानों के तहत सेक्मई थाना क्षेत्र के अंतर्गत लोइतांग लेइकिन्थाबी पहाड़ी क्षेत्र से एक एके-47 घातक राइफल मैगजीन सहित, दो .303 राइफल, एक डबल बैरल राइफल, एक सिंगल बैरल राइफल, तीन नंबर-36 एचई ग्रेनेड और पांच इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किये गये।

इंफाल पश्चिम जिले के वांगोई थाना क्षेत्र के हियांगथांग ताराहेई अवांग लेइकाई की तलहटी से तीन हैंड ग्रेनेड, एक उच्च विस्फोटक बम, विभिन्न कैलिबर के 15 जिंदा कारतूस, चार खाली 5.56 मिमी खोखे, एक ट्यूब लॉन्चर और "ग्रीन 90 एकेएफजी" अंकित दो अज्ञात विस्फोटक बरामद किये गये। तेंगनौपाल जिले के मोरेह थाना क्षेत्र में यांगौबुंग के पास बीपी-72 इलाके से दो पिस्तौल मैगजीन सहित और दो चीनी हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए, जिन्हें बाद में नष्ट कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित