इम्फाल , दिसंबर 18 -- कुकी उग्रवादियों के बार-बार किये जा रहे हमलों के बाद मणिपुर सरकार ने बिष्णुपुर जिले के कई गांवों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
रिपोर्टों के अनुसार, मंगलवार रात उग्रवादियों ने ग्रामीणों को निशाना बनाने के लिए अत्याधुनिक हथियारों और बमों का इस्तेमाल किया। पश्चिमी इम्फाल के कुछ गांवों को भी संदिग्ध कुकी उग्रवादियों के हमलों का सामना करना पड़ा।
मणिपुर पुलिस ने गुरुवार को बताया कि पुलिस के उप महानिरीक्षक ने बुधवार को प्रभावित गांवों का दौरा किया और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि तोरबुंग में कुकी सशस्त्र समूहों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग के संबंध में आगे की जांच के लिए प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
पुलिस के मुताबिक, अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। हालांकि, चुराचांदपुर जिले के कांगवई में चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान के दौरान अधिकारियों ने एक लंबी दूरी का 'इम्प्रोवाइज्ड पंपी', चार मध्यम दूरी के 'इम्प्रोवाइज्ड पंपी', एक मध्यम दूरी का 'बैरल-ब्लास्टेड इम्प्रोवाइज्ड पंपी', लगभग तीन किलोग्राम वजनी आईईडी , एक 'सिंगल-बैरल' हथियार और विभिन्न कैलिबर के 17 खाली कारतूस बरामद किए हैं।
इस बीच, विस्थापित ग्रामीणों ने हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुराचांदपुर जिले में बड़ी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित