इम्फाल , दिसंबर 16 -- मणिपुर में प्रतिबंधित विद्रोही समूहों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने अभियान तेज कर दिया है। इसके तहत सोमवार को कई स्थानों से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गये तथा प्रतिबंधित संगठन के सक्रिय सदस्यों एवं एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया गया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि थौबल जिले में सुरक्षा बलों ने खोंगजोम थाने के तहत टेंथा तुवाबंद इरेल चिंग इलाके से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद किए हैं। इनमें तीन 12 बोर राइफल, मैगजीन सहित एक एसएमजी कार्बाइन, एक मॉडिफाइड .303 राइफल, एक मॉडिफाइड .32 पिस्टल, दो 36 एचई हैंड ग्रेनेड, इंसास एलएमजी और एसएलआर के मैगजीन, विभिन्न कैलिबर की गोलियां, दंगा रोधी रबर बुलेट के खोल और आंसू गैस के गोले शामिल हैं।

सूत्रों ने बताया कि इम्फाल पश्चिम जिले के सागोलमांग पुलिस थाने के तहत चैनुंग पहाड़ी श्रृंखला क्षेत्र से भी सुरक्षा बलों ने हथियार और गोला-बारूद जब्त किया जिनमें मॉडिफाइड और गैर मॉडिफाइड .303 राइफलें, 12 बोर एसबीबीएल बंदूकें, स्थानीय स्तर पर बनी एसबीबीएल बंदूकें, इंसास एलएमजी और राइफल के मैगजीन, इंसास, .303 और 7.62 मिमी कैलिबर के जिंदा कारतूस, बिना डेटोनेटर का एक हैंड ग्रेनेड, एक 2 इंच का एचई मोर्टार शेल, और दो बुलेटप्रूफ जैकेट के कवर शामिल हैं।

सागोलमांग पुलिस थाने के तहत चंगसांग पहाड़ी श्रृंखला क्षेत्र से भी मैगजीन सहित एक देशी 9 मिमी पिस्टल, जिंदा गोलियां, विभिन्न राइफलों के कारतूस, इंसास एलएमजी के मैगजीन, एके और एसएलआर राइफल के फायर किए गए कारतूस केस और एक पिस्टल होल्स्टर बरामद किये गये। इस बीच, सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान के दौरान प्रतिबंधित विद्रोही समूहों के कई सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया। इम्फाल पश्चिम जिले में इम्फाल थाने के तहत कीशमपत कोंजेंग हजारी लीकाई से एक ग्रुप के एक सक्रिय सदस्य को हिरासत में लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित