इंफाल , जनवरी 16 -- मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने गुरुवार को एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया और हथियार और ड्रग्स बरामद किये। साथ ही 14 एक में फैली अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मणिपुर पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले में एक उग्रवादी संगठन के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले के लैम्फेल थाना क्षेत्र के लैम्फेल साना कीथेल से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्ति कथित तौर पर आठ जनवरी को बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना लीकाई में एक पेट्रोल पंप पर हुए विस्फोट में एक साथी के रूप में शामिल था। वह इस मामले में गिरफ्तार होने वाला दूसरा व्यक्ति है और आगे की जांच जारी है।
वहीं सुरक्षा बलों ने एक अन्य अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया, जिसमें चार मैगज़ीन के साथ एक एसएमजी कार्बाइन जिसमें 107 ज़िंदा गोलियां भरी हुई थीं, एक 9 एमएम पिस्तौल जिसमें एक मैगज़ीन में पांच ज़िंदा गोलियां थीं, दो नंबर 36 हाई-एक्सप्लोसिव हैंड ग्रेनेड के साथ दो डेटोनेटर, और एक दोपहिया स्कूटर शामिल है।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल पूर्व जिले के हिंगांग थाना क्षेत्र के कैरंग मस्जिद मानिंग में एक घर से 54 ग्राम डब्ल्यूवाई टैबलेट बरामद किए। तलाशी के समय घर के लोग मौजूद नहीं थे। परिसर से मणिपुर में पंजीकृत एक दोपहिया वाहन भी ज़ब्त किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित