इम्फाल , दिसंबर 27 -- मणिपुर के विभिन्न जिलों में सुरक्षा बलों और पुलिस ने साझा अभियान चलाते हुए 25 और 26 दिसंबर को कई उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण, शराब और मादक पदार्थों की भी बरामदगी की गई।

सुरक्षा बलों ने इंफाल पश्चिम जिले में लांगोल गेम विलेज क्षेत्र के एक राहत शिविर में अस्थायी रूप से रह रहे तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। ये गिरफ्तारी लांगोल गेम विलेज ज़ोन-तीन के लांफेल पुलिस थाना क्षेत्र से की गईं। एक अन्य अभियान में लांगोल गेम विलेज ज़ोन-तीन स्थित एक फार्महाउस से एक अन्य उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया गया।

इंफाल पूर्व जिले के अंड्रो पुलिस थाना क्षेत्र से चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों ने एक .32 पिस्टल मैगज़ीन सहित, तीन .32 कारतूस, चार मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक कार और दो बाओफेंग रेडियो सेट बरामद किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित