इंफाल , दिसंबर 17 -- सुरक्षा बलों और मणिपुर पुलिस ने राज्य में उग्रवाद- विरोधी अभियान जारी रखते हुए जबरन वसूली और गैरकानूनी गतिविधियों के सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार करने के साथ साथ हथियार भी बरामद किये हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चुराचांदपुर जिले के चुराचांदपुर पुलिस स्टेशन के तहत खाओपीजांग गांव के कब्रिस्तान में चलाये गये तलाशी अभियान में सुरक्षा बलों ने चार हथियार बरामद किये। ज़ब्त किये गये सामान में एक मैगज़ीन के साथ एक एके राइफल, एक मैगज़ीन के साथ एक एमए-3 एमके 2 राइफल, एक मैगज़ीन के साथ एक इंसास राइफल और एक मैगज़ीन के साथ एक .315 राइफल शामिल है।

सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने मंगलवार को एक अन्य अभियान में काकचिंग जिले के वाइखोंग पुलिस स्टेशन के तहत उमाथेल माथक लीकाई से जबरन वसूली करने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उस व्यक्ति से एक मोबाइल फोन ज़ब्त किया गया।

इस बीच, मणिपुर पुलिस ने बिष्णुपुर जिले के कुंबी पुलिस स्टेशन के तहत कुंबी खुगावांगमा में एक सक्रिय कैडर को उसके घर से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी राज्य में गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के चल रहे प्रयासों का हिस्सा थी। संगठित अपराध के खिलाफ अपने अभियान को जारी रखते हुए, सुरक्षा बलों ने काकचिंग जिले के वाइखोंग पुलिस स्टेशन के तहत वाइखोंग उयुंग इलाके से एक और सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

सूत्रों ने जानकारी दी कि इंफाल पश्चिम जिले में मणिपुर पुलिस ने सिंगजामेई पुलिस स्टेशन के तहत थोंगजू बोरोई माखोंग से एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान एक मोबाइल फोन ज़ब्त किया गया। इसके अलावा, सुरक्षा बलों ने खुफिया जानकारी के आधार पर जबरन वसूली और आपराधिक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित