नयी दिल्ली , फरवरी 03 -- मणिपुर में राष्ट्रपति शासन की समय सीमा करीब आने के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने युमनाम खेमचंद सिंह को राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर चुना है।

मणिपुर में मुख्यमंत्री का पद 09 फरवरी, 2025 को एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद से खाली है । राज्य में महीनों तक चली जातीय हिंसा के बाद अस्थिरता के परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया गया था।

भाजपा सूत्रों ने बताया कि नयी दिल्ली में एक बैठक में मणिपुर में भाजपा के विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद वाई के सिंह के नाम की घोषणा की गई।

उन्होंने बताया कि पार्टी ने राष्ट्रपति शासन को लंबा खींचने के बजाय चुनी हुई सरकार को वापस लाने का फैसला किया है। चूंकि वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त हो रहा है, इसलिए भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार सिर्फ एक साल के लिए होगी।

वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने 32 सीटें जीतीं, जो 31 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार कर गईं और इस तरह उसने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया था। इससे पहले 2017 में में भाजपा को सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए एनपीपी और नागा पीपल्स फ्रंट जैसी कई पार्टियों पर निर्भर रहना पड़ा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित