इंफाल , दिसंबर 22 -- मणिपुर पेट्रोलियम डीलर्स फ्रेटरनिटी (एमपीडीएफ) ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन चरमपंथी तत्वों से मिल रही धमकियों और गैर-कानूनी मांगों से सुरक्षा देने में नाकाम रहता है तो पूरे राज्य में 28 दिसंबर को पेट्रोल पंप बंद किए जा सकते हैं।
इस घोषणा के बाद पेट्रोल पंपाें पर वाहनों की भीड़ बढ़ गयी और लंबी लाइनें देखी गईं। इससे पहले 13 दिसंबर को धमकी मिलने के विरोध में तेल डिपो बंद कर दिए गए थे। एमपीडीएफ ने कहा कि पिछले 10 दिसंबर को राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद राज्य अधिकारियों से कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। वितरकों ने आरोप लगाया कि हथियारबंद लोगों ने बम से उड़ाने की धमकी दी और पैसे की मांग की। यहां तक कि एक तेल डिपो के अंदर ग्रेनेड भी रखा गया था।
एमपीडीएफ ने कहा कि ऐसी धमकियां और गैर-कानूनी मांगें लगातार जारी हैं, जिससे जान-माल को गंभीर खतरा है। उनके पास तब तक काम बंद करने पर विचार करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है, जब तक कि पर्याप्त सुरक्षा, हस्तक्षेप और एक स्थायी समाधान सुनिश्चित नहीं हो जाता है।
एमपीडीएफ ने बताया कि डीलर्स राज्य सरकार की ओर से पेट्रोल पर 19.56 रुपये प्रति लीटर (25 प्रतिशत) और डीजल पर 10.11 रुपये प्रति लीटर (13.5 प्रतिशत) की दर से कर (वीएटी) एकत्र करते हैं , जो राज्य का राजस्व है। एमपीडीएफ ने पेट्रोल पंप बंद से होने वाली असुविधा पर दुख जताते हुए जनता से समझ और समर्थन की अपील की। उन्होंने कहा कि डीलर्स इस समय जीवन-मृत्यु के चौराहे पर खड़े हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित