नयी दिल्ली , दिसम्बर 11 -- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मणिपुर को ऐसा मजबूत राज्य बनाने की अपील की है जहां हर बच्चा सुरक्षित महसूस करे, हर महिला सशक्त महसूस करे, हर समुदाय मिलकर रहे और हर नागरिक एक उज्जवल भविष्य की ओर आगे बढ़े।

मणिपुर की दो दिन की यात्रा पर गई श्रीमती मुर्मु ने गुरुवार को इम्फाल के सिटी कन्वेंशन सेंटर में मणिपुर सरकार द्वारा उनके सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लिया। उन्होंने इस अवसर पर विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी और उनका उद्घाटन किया।

राष्ट्रपति ने इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मणिपुर साहस और असाधारण सांस्कृतिक समृद्धि की भूमि है। इसके लोगों ने पीढ़ियों से खेल, सशस्त्र बलों, कला एवं संस्कृति, और सार्वजनिक सेवा सहित विविध क्षेत्रों में अपार योगदान देकर राष्ट्र को समृद्ध किया है।

श्रीमती मुर्मु ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण हिंसा के बाद मणिपुर के लोगों ने जो दर्द सहा है वह उससे अवगत हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि मणिपुर के लोगों की चिंताओं का ध्यान रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार सद्भाव को मजबूत करने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और मणिपुर को स्थिरता और समृद्धि की यात्रा में समर्थन देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार पूरे राज्य में समान विकास को बढ़ावा देने के लिए भी प्रतिबद्ध है और यह सुनिश्चित करेगी कि विकास और प्रगति का लाभ राज्य के हर कोने तक पहुंचें।

उन्होंने कहा कि मणिपुर दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ भारत की जीवंत भागीदारी का प्रवेश द्वार है। इसकी युवा शक्ति, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता इसे असीमित क्षमता वाला राज्य बनाती है। मणिपुर अपनी आत्मनिर्भर महिलाओं के लिए भी जाना जाता है। बीसवीं सदी के शुरुआती दशकों में मणिपुर की बहादुर महिलाओं द्वारा ऐतिहासिक नूपी लाल या महिला युद्ध दो बार लड़े गए थे। वे औपनिवेशिक और सामंती शक्तियों को अपनी उचित मांगों को मनवानें में सफल रहीं । उनकी इस ताकत हर भारतीय को प्रेरित करती हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि मणिपुर के लोग प्रतिभाशाली और मेहनती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि घाटी और पर्वतीय क्षेत्रों के लोग नए सद्भाव के साथ एक साथ रहेंगे और राज्य को समृद्धि और खुशी की महान ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

श्रीमती मुर्मु ने मणिपुर के लोगों से सद्भाव और विकास के उपायों को समर्थन जारी रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा ," हमें मिलकर मणिपुर को एक ऐसे राज्य के तौर पर मज़बूत बनाना चाहिए, जहाँ हर बच्चा सुरक्षित महसूस करे, हर महिला सशक्त महसूस करे, हर समुदाय शामिल महसूस करे, और हर नागरिक एक बेहतर भविष्य की ओर आगे बढ़े।"इससे पहले राष्ट्रपति ने ऐतिहासिक मापल कांगजेइबुंग में एक पोलो-एग्जिबिशन मैच देखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित