रायगढ़ , फरवरी 08 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जिला मछली पालन विभाग के कार्यालय में आज अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कार्यालय में रखी महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें और लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले वासियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की घटना से आसपास के क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना प्रभारी सहित पुलिस अमला भी मौके पर पहुंचा और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
मछली पालन विभाग के अधिकारी आग से हुए नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित