मोरबी , फरवरी 26 -- गुजरात के मोरबी में मच्छु नदी पर पाडापुल मरम्मत और ओवरब्रिज कार्य के चलते वांकानेर-मोरबी रेलखंड की छह डेमू ट्रेनें 12 मार्च तक रद्द रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
मंडल रेल प्रवक्ता ने गुरूवार को बताया कि कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट मोरबी के अनुरोध पर, मच्छु नदी पर स्थित पुराने पाडापुल के मरम्मत कार्य तथा नटराज फाटक के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कार्य के चलते वांकानेर-मोरबी रेलखंड पर संचालित छह डेमू ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
मरम्मत कार्य के दौरान भारी सड़क यातायात एवं रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से आमजन को होने वाली संभावित असुविधा को कम करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से रेल प्रशासन द्वारा यह कदम उठाया गया है। जनहित को ध्यान में रखते हुए वांकानेर और मोरबी के बीच चलने वाली छह डेमू ट्रेनों का परिचालन 27 फरवरी से 12 मार्च तक अस्थायी रूप से रद्द रहेगा। रद्द की गई ट्रेनों का विवरण निम्नानुसार है।
रद्द की गई डेमू ट्रेनें : ट्रेन संख्या 79454 मोरबी-वांकानेर, ट्रेन संख्या 79453 वांकानेर-मोरबी, ट्रेन संख्या 79444 मोरबी-वांकानेर, ट्रेन संख्या 79445 वांकानेर-मोरबी, ट्रेन संख्या 79446 मोरबी-वांकानेर, ट्रेन संख्या 79447 वांकानेर-मोरबी अस्थायी रूप से रद्द रहेंगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे उक्त परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं। ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित