प्रिटोरिया , अप्रैल 13 -- टेबोगो माचेके को भारत के खिलाफ होने वाली घरेलू टी-20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम में शामिल किया है। उन्हें पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।

लॉरा वोल्वार्डट की अगुवाई में दक्षिण अफ्रीका ने घर पर भारत के साथ 17 से 27 अप्रैल तक होने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए 15 सदस्यों की टीम का ऐलान किया है। टीम में अधिकतर पुराने खिलाड़ी ही शामिल हैं। टीम में टाइटन्स की विकेटकीपर-बल्लेबाज़ टेबोगो ने चोटिल कराबो मेसो को जगह मिली है, जबकि गेंदबाजी ऑलराउंडर एलिज-मारी मार्क्स ने तेज़ गेंदबाज मसाबाटा क्लास की जगह टीम में वापसी की है। न्यूजीलैंड दौरे पर गई टीम में केवल यही दो बदलाव किए गए हैं। टीम के ऐलान के साथ ही, क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने महिला टीम के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव की पुष्टि की है। बल्लेबाजी कोच बाकियर अब्राहम, फ़ील्डिंग कोच बोंगानी नडाबा और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच जेन वेबस्टर 2025-26 सीजन के आखिर में अपने कॉन्ट्रैक्ट पूरे होने के बाद टीम छोड़ देंगे। उनकी जगह कुछ समय के लिए स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच के तौर पर टुमी मासेकेला, बल्लेबाज़ी कोच के तौर पर एंड्रयू पुटिक और फील्डिंग कोच के तौर पर मडुडुज़ी मभाथा को टीम में शामिल किया जाएगा।

भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए घोषित दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम इस प्रकार है:- लॉरा वोल्वार्ड्ट (कप्तान), एनेके बॉश, टैज़मिन ब्रिट्स, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसेन, अयांडा ह्लुबी, सिनालो जाफ़्टा, अयाबोंगा खाका, सुने लुस, टेबोगो माचेके, एलिज-मारी मार्क्स, नॉनकुलुलेको म्लाबा, कायला रेनेके, टुमी सेखुखुने और क्लो ट्रायन।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित