श्रीगंगानगर , नवम्बर 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर तहसील क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत नारायणगढ़ (बुधसिंहवाला) में एक एक गरीब ईंट-भट्टा मजदूर के पुराने और जर्जर मकान की छत गिरने से एक महिला की मौत हो गयी, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को यह घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे की है। पीड़ित चढसिंह मजहबी सिख (60) ईंट भट्टे पर मजदूरी करके अपना परिवार चलाता है। वह अपनी पत्नी नसीब कौर (59 ) के साथ घर के एक कमरे में सो रहा था। इसी दौरान अचानक छत ढह गयी, जिससे दोनों मलबे में दब गये।
छत गिरने की तेज आवाज सुनकर चढ़सिंह के पुत्र, पुत्रवधुएं और पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे। गांव के गुरुद्वारे से लाउडस्पीकर पर मदद के लिए लोगों को बुलाया गया। मलबा जब हटाया गया तो नसीब कौर की मौत हो चुकी थी, जबकि चढसिंह बुरी तरह जख्मी था। उसे तुरंत सादुलशहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। नसीबकौर का शव आज सुबह पोस्टमार्टम के लिए सादुलशहर के सरकारी अस्पताल में लाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित