अजमेर , अप्रैल 01 -- राजस्थान में अजमेर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में किराए को लेकर मकान मालिक और किराएदार के बीच चल रहे विवाद में गाेली लगने से एक छात्र घायल हाे गया।

पुलिस सू्त्रों ने बताया कि विवाद के दौरान खादिम गुलरेज चिश्ती ने देसी कट्टा निकालकर गोली चला दी जो पास में खड़े 16 वर्षीय छात्र के हाथ में लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घायल छात्र को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। थाना प्रभारी शंभू सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में किराए के विवाद के चलते झगड़ा होना सामने आया है।

मकान मालिक पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने झगड़े के दौरान जान से मारने की नीयत से गोलीबारी की जबकि आरोपी ने खुद पर हमले की बात कही है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित