प्रयागराज , जनवरी 13 -- प्रयागराज के संगम तट पर आयोजित माघ मेले का दूसरा प्रमुख स्नान पर्व मकर संक्रांति आगामी 15 जनवरी को मनाया जाएगा। पौष पूर्णिमा स्नान पर्व पर 31 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को सकुशल स्नान कराने के बाद अब मेला प्रशासन मकर संक्रांति स्नान पर्व की तैयारियों में पूरी तरह जुट गया है। प्रशासन का अनुमान है कि इस अवसर पर एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार 12,100 फीट लंबाई में स्नान घाटों का निर्माण किया गया है। घाटों पर चेंजिंग रूम, पुआल, कॉसा, शौचालय जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पैदल दूरी कम रखने के उद्देश्य से घाटों के समीप ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
माघ मेला अधिकारी ऋषिराज ने बताया कि माघ मेला-2024 में मकर संक्रांति पर्व पर 28.95 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया था, जबकि इस बार लगभग तीन गुना अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने भीड़ और यातायात प्रबंधन के लिए मेगा प्लान तैयार किया है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 42 अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित किए गए हैं, जिनमें एक लाख से अधिक वाहनों के खड़े होने की क्षमता है। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए गोल्फ कार्ट और बाइक टैक्सी (रैपिडो सेवा) की व्यवस्था भी की गई है। गंगा में जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कानपुर स्थित गंगा बैराज से प्रतिदिन 8,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही प्रयागराज में गिरने वाले सभी 81 नालों की टैपिंग कर दी गई है और गंगा जल की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।
शासन के निर्देश पर माघ मेले को खुले में शौच मुक्त, दुर्गंध मुक्त और गंगा में जीरो डिस्चार्ज बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में 25,880 शौचालय, 11,000 डस्टबिन, 10 लाख से अधिक लाइनर बैग, 25 सक्शन वाहन और 3,300 स्वच्छता कर्मी तैनात किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित