मऊ , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र से संबंधित 50 हजार रुपये के इनामिया बदमाश को एसटीएफ ने लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत एसटीएफ फील्ड यूनिट वाराणसी ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त शुभम सिंह को तीन अप्रैल को लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित चिड़ियाघर के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त शुभम सिंह निवासी ग्राम अन्नुपार थाना मोहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ, थाना कोपागंज में दर्ज एक मामले में वांछित था, जिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार अभियुक्त को कोपागंज थाना लाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसमें कोपागंज थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है, जबकि मुहम्मदाबाद थाना में मारपीट व धमकी से संबंधित एक अन्य मामला भी पंजीकृत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित