श्रीगंगानगर , दिसम्बर 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाना क्षेत्र में राम दरबार मंदिर में शनिवार को तड़के चोर दान पात्र और साउंड स्पीकर बॉक्स चुराकर ले गये।

पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मंदिर के पुजारी महेंद्र को सुबह छह बजे कपाट खोलने के दौरान मिली। उन्होंने तुरंत समिति के पदाधिकारियों को सूचित किया, जिसके बाद अध्यक्ष अनिल टांटिया, सचिव गौरव मित्तल और कोषाध्यक्ष मनीष गर्ग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गयी।

पुलिस ने बताया कि मंदिर का निरीक्षण करने और सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि राम दरबार, भोले बाबा और अन्य देवी-देवताओं के सामने रखे दान पात्रों में से दो चुराये गये हैं। इसके अलावा एक श्रद्धालु द्वारा कल ही दान किये गये करीब 10 हजार रुपये मूल्य के नए साउंड स्पीकर बॉक्स को भी चोर उठा ले गये।

सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि तड़के चार बजकर 10 मिनट पर दो युवक मंदिर में घुसे, जो दान पात्र और स्पीकर बॉक्स को उठाकर ले गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित