बैतूल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
कल दोपहर अज्ञात बदमाश ने जलाराम मंदिर और हनुमान मंदिर को निशाना बनाते हुए दानपेटियां तोड़कर हजारों रुपये पार कर दिए। दोनों मंदिर आमने-सामने स्थित हैं, जिससे वारदात को अंजाम देना आसान हो गया।
घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी ने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ है, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि, उसके एक हाथ में प्लास्टर बंधा हुआ नजर आ रहा है, जिसे पुलिस अहम सुराग मानते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।
शाम के समय जब पुजारी अमिश मिश्रा नियमित पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने दानपेटियां टूटी हुई देखीं। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को सूचना दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और घटना को लेकर आक्रोश जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित