पटना , मार्च 13 -- नगर आयुक्त सह पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक यशपाल मीणा ने शुक्रवार को पटना में शहरी आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में चल रही महत्वपूर्ण परियोजना मंदिरी नाला का निरीक्षण किया।

मंदिरी नाला परियोजना के अंतर्गत 1289 मीटर लंबी दो-लेन संपर्क सड़क का निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है, जो नेहरू पथ (बेली रोड) आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट तक जाएगी। इस परियोजना में बॉक्स ड्रेन, सर्विस रोड और यूटिलिटी डक्ट का निर्माण शामिल है।

गौरतलब है कि परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है, डेकोरेटिव लाइट्स का अधिष्ठापन किया जा रहा है ,नाले को पाट कर बनी सड़क का कालीकरण कर दिया गया है अशोक राजपथ से कनेक्टिविटी का कार्य अंतिम चरण में और जल्द ही आमजनों को समर्पित कर दिया जाएगा।

परियोजना में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दो रैम्प और तीन डीसिल्टिंग चैंबर बनाए गए हैं जबकि जल निकासी नियंत्रण के लिये चार स्लुइस गेट स्थापित किए जा रहे हैं । इसके साथ ही स्ट्रीट लाइटिंग और लैंडस्केपिंग के माध्यम से क्षेत्र के सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है। यह परियोजना एसपी वर्मा रोड, मीठापुर, गर्दनीबाग, बाबू बाजार, धोबीघाट, इको पार्क क्षेत्र, छज्जूबाग, एमएलए फ्लैट और सिंचाई भवन सहित कई इलाकों की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करेगी।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने कहा कि इन परियोजना का उद्देश्य शहरवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक सार्वजनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न करने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित